
झूलनीपुर/महराजगंज
22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) महराजगंज द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत समवाय झुलनीपुर के कार्यक्षेत्र स्थित ग्राम सभा ईटहिया में मंगलवार को निःशुल्क विलेज ओपीडी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कमांडेंट शक्ति सिंह ठाकुर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल के चिकित्सक डॉ. संदीप कुमार ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। साथ ही विभिन्न बीमारियों के लिए निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस चिकित्सा शिविर से कुल 102 ग्रामीण लाभान्वित हुए, जिनमें 28 महिलाएं, 51 पुरुष और 23 बच्चे शामिल रहे। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को नशा मुक्ति, संतुलित जीवनशैली अपनाने, मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया।
ग्रामीणों ने एसएसबी और स्वास्थ्य विभाग की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं। कार्यक्रम के अंत में एसएसबी के अधिकारियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने का भरोसा दिलाया।