महराजगंज ब्यूरो कार्यालय
पुलिस विभाग में कार्यप्रणाली और विवेचनाओं की गुणवत्ता को लेकर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त रुख अपनाया है। पनियरा थाने में तैनात थानाध्यक्ष कुंवर गौरव को विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल और जवाबदेही को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, कुंवर गौरव को सितंबर माह में पनियरा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वह घुघली थाने में थानाध्यक्ष के पद पर तैनात रह चुके हैं। घुघली में तैनाती के दौरान एक ऑडियो वायरल होने के बाद भी वह काफी चर्चा में आए थे। अब पनियरा थाने में विवेचनाओं के निस्तारण में कथित लापरवाही सामने आने पर एसपी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
कार्रवाई के बाद फिलहाल पनियरा थाने में नए थानाध्यक्ष की तैनाती नहीं की गई है। नए प्रभारी की नियुक्ति को लेकर पुलिस महकमे में चर्चाएं हैं। एसपी की इस कार्रवाई को थानों की कार्यप्रणाली में सुधार और विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के प्रति सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।